- गड्ढ़े में अनियंत्रित होकर फिसली बाइक, सड़क पर गिरे युवक को वाहन ने कुचला
संवाद न्यूज एजेंसी
झालू (बिजनौर)। सड़कों में गड्ढे सफर की मुसीबतें ही नहीं बढ़ा रहे हैं बल्कि जानलेवा भी साबित होने लगे हैं। इसकी बानगी बिजनौर-नहटौर मार्ग पर देखने को मिली। जलालपुर छोइया के पास पहिया गड्ढे में गिरते ही बाइक सवार राशिद अहमद ने नियंत्रण खो दिया और सड़क पर जा गिरा। इसी दौरान उसे वाहन ने कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
नहटौर थाना क्षेत्र के ग्राम सदरुद्दीननगर निवासी राशिद अहमद (40) पुत्र सगीर की पत्नी ने कुछ दिन पहले ही बच्चे को जन्म दिया था। वह इलाज के चलते मोहल्ला जाटान में अपनी रिश्तेदारी में रुकी हुई है। बृहस्पतिवार को राशिद पत्नी के पास बिजनौर जा रहा था।
बिजनौर-नहटौर मार्ग पर जलालपुर छोइया के पास पहिया गड्ढे में गिरते ही उसने नियंत्रण खो दिया। वह बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरा। तभी सामने से आ रहे टाटा पिकअप वाहन ने उसे कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना होने बाद सड़क पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंच पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जाम खुलवाया। लोगों का कहना था कि गड्ढे की वजह से ही बाइक सवार की जान गई है। अगर गड्ढा समय से भर दिया जाता तो बाइक सवार की जान नहीं जाती।
बिजनौर नहटौर मार्ग पर 17 सितंबर से गड्ढे भरने का काम चालू किया गया था। मगर, बारिश होने की वजह से रोकना पड़ा। अब जल्द ही सड़क को गड्ढामुक्त दिया जाएगा। - हेमंत प्रताप, अधिशासी अभियंता लोनिवि