संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। क्षेत्र के ग्राम लालवाला में बीते 11 फरवरी की रात्रि एक अनियंत्रित हुई कार के एक घर के दरवाजे पर जा टकराने की घटना में गंभीर रूप से घायल हुए मनीराम की भी बुधवार को मृत्यु हो गई। परिजनों ने आला अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर सड़क पर शव को रखकर जाम लगा दिया। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाने के आश्वासन के बाद कई घंटों चला जाम खुल गया। इस घटना में मनीराम के मासूम पुत्र, पुत्री और एक भतीजे की पहले ही मृत्यु हो चुकी है।
क्षेत्र के ग्राम लालवाला में 11 फरवरी की रात्रि करीब सात बजे एक ब्रेजा गाड़ी अनियंत्रित होकर मनीराम के घर के दरवाजे पर जा टकराई थी। घटना के समय मनीराम अपनी नौ साल की पुत्री मानसी, चार साल के पुत्र संस्कार और 14 वर्षीय भतीजे राजा के साथ घर के दरवाजे पर ही बैठे हुए थे। कार इस कदर बेकाबू थी कि इस घटना में मनीराम के पुत्र और पुत्री की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई थी। जबकि मनीराम और राजा गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
इस घटना के अगले दिन राजा की भी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी। लेकिन मनीराम का इलाज मुरादाबाद के टीएमयू अस्पताल में चल रहा था। बताया जाता है कि बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे मनीराम की भी इलाज के दौरान अस्पताल में मृत्यु हो गई। इस घटना में मनीराम की मौत के बाद घर पर पूरी तरह मातम छा गया। बृहस्पतिवार को मनीराम का शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजन आला अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर शव को लेकर सड़क पर पहुंच गए तथा जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी संग्राम सिंह व भाजपा जिला उपाध्यक्ष अरविंद गहलोत द्वारा पीड़ित परिवार को सरकार से हर संभव मदद दिलाने का भरोसा देने के बाद जाम खुल गया।