नूरपुर। मोबाइल पर फेसबुक चला रहे युवक का फोन हैक हो गया, जिसके बाद उसके खाते से 72 हजार की धनराशि गायब हो गई। मोहल्ला हजरतनगर निवासी महताब अंसारी के धामपुर चौक पर सैलून की दुकान चलाता है। शुक्रवार को देर शाम सोशल मीडिया पर फेसबुक चलाते समय उसके मोबाइल पर एक फिल्म का लिंक आया, जिसे खोलते ही उसका मोबाइल उसकी उंगलियों की पकड़ से बाहर हो गया। पीड़ित कुछ समझ पाता तब तक उसके बैंक खाते से साइबर अपराधी ने 72 हजार रुपए उड़ा दिए। काफी समय बीतने पर वह मोबाइल फोन को सही कराने के लिए दुकान पर गया तो उसके साथ हुए साइबर अपराध का पता चला। पीड़ित ने घटना की सूचना टोल फ्री नंबर 1930 पर देते हुए थाने साइबर सेल से शिकायत दर्ज कराई पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद