बिजनौर। साइबर अपराधी ने खुद को नंगले वाला बइनोई कर संगीताचार्य और उनकी पत्नी से 18 हजार रुपये की ठगी कर ली। शहर कोतवाली पुलिस को महेशचंद्र संगीताचार्य ने तहरीर दी। इसमें बताया कि 12 मई की रात करीब सवा दस बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने पहले उनसे कहा कि पहचाना, जब पहचानने से इनकार किया तो आरोपी ने खुद को नंगले से उनका बहनोई बताया। आरोपी ने विश्वास में लेते हुए कहा कि उसका एक परिचित अस्पताल में भर्ती है और उसे तत्काल रुपये भेजने हैं। इसके बाद उसने महेशचंद्र से उनके खाते में 45 हजार रुपये डालने की बात कही। बातचीत के दौरान आरोपी ने किसी दूसरे व्यक्ति को भी कॉन्फ्रेंस कॉल पर जोड़ लिया। इसके बाद उनके पास 45 हजार रुपये ट्रांसफर का मेसेज आया। उनके झांसे में आकर पीड़ित ने अपने और पत्नी के खाते से 18 हजार रुपये बताए गए नंबर पर भेज दिए। बाद में जब बैंक से बकाया रकम का मेसेज आया तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ। सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।