- बदमाश के पैर और सिपाही के हाथ में लगी गोली
- दो आरोपी मौके से हुए फरार, पकड़ा गया आरोपी दो मामलों में चल रहा था वांछित
संवाद न्यूज एजेंसी
चंदक/मंडावर। बालावाली में बंद पड़ी कांच फैक्टरी के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। एक हिस्ट्रीशीटर के पैर में गोली लगी है, जिसे गिरफ्तार कर पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। हाथ में गोली लगने से एक सिपाही भी जख्मी हुआ है।
मंडावर थानाक्षेत्र के गांव बिलासपुर निवासी जितेंद्र उर्फ जेके, तरुण और अभिषेक उर्फ अंडा निवासी रतनपुर के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने और जानलेवा हमले के दो अलग अलग केस दर्ज हुए थे। इन दोनों ही मामलों में आरोपी वांछित चल रहे थे। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर बालावाली में वांछित आरोपियों की पुलिस ने घेराबंदी कर ली। घेराबंदी होने पर आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र उर्फ जेके के पैर में गोली जा लगी। जिसे घायल हालत में गिरफ्तार करते हुए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं सिपाही कुशलपाल भी गोली लगने से घायल हुआ। हालांकि पकड़े गए हिस्ट्रीशीटर के दो साथी मौके से भाग निकले। पुलिस ने मौके से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो कारतूस और बाइक बरामद की है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ 13 केस दर्ज हैं। सीओ सिटी अनिल कुमार ने भी घटनास्थल का मौका मुआयना किया।