साहूवाला वन क्षेत्र से सटे कई गांवों के किसान वन्य जीवाें से दुखी
संवाद न्यूज एजेंसी
हरेवली (बिजनौर)। साहूवाला वन क्षेत्र से सटे कई गांवों के किसान वन्य जीवाें से दुखी है। भगौता के जंगल में हाथियों के झुंड ने धान और गन्ने की लहलहाती फसल को रौंद कर बर्बाद कर दिया। आरोप है कि वन विभाग को हाथियों और जंगली जानवरों के बारे में अवगत कराया, लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
गांव भगौता, शाहनगर कुराली, इनायतपुर, रामनगर गोसाई, हरेवली आदि गांव साहूवाला वन क्षेत्र से सटे हुए हैं। इन गांवों में वन्य जीव वनों से निकल कर उनके खेतों में उतार आते है। सोमवार रात्रि हाथियों के झुंड ने गांव भगौता के शमशाद आलम, कासिम, हासिल, नसीरा, शमुन, मोहम्मद हारून, मुन्ना सिंह, रूपचंद, फैयाज, इमामुद्दीन, हनीफ, मोहम्मद हुसैन सहित कई अन्य किसानों की गन्ने और धान की फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया।
किसानों का आरोप है कि पिछले एक माह से वन विभाग को सूचना दी जा रही है, लेकिन मौके पर किसी ने आकर उनकी समस्या का निदान करना गंवारा नहीं समझा। किसानों ने वन विभाग से बर्बाद फसलों की भरपाई करने और हाथियों को वन क्षेत्र में खदेड़ने की मांग की है ।
किसान मूल्यांकन कराकर जमा कराएं
वन क्षेत्राधिकारी मोतीलाल का कहना है कि किसान अपनी फसलों का राजस्व विभाग से मूल्यांकन करा कर वन विभाग के कार्यालय में जमा कराएं। फसलों के नुकसान का मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। हाथियों को वन क्षेत्र में खदेड़ने के लिए टीम को लगाया गया है।