जुलूस में शामिल राधा कृष्ण की झांकी स्रोत संवाद
धामपुर। आदर्श होली हवन समिति की ओर से होली की संध्या पर भव्य जुलूस निकाला गया। मंगलवार की देर शाम करीब 7:30 बजे मोहल्ला गुजरातियान से जुलूस का शुभारंभ किया। शोभायात्रा में श्री राधाकृष्ण, श्री राम दरबार, बजरंगबली, मां काली का अखाड़ा, शिवतांडव गणपति की झांकियां लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। जुलूस में शामिल अखाड़े में युवाओं ने हैरत भरे करतब दिखाए। जुलूस श्री राधा कृष्ण मंदिर खारी कुआं, भगत सिंह चौक ,फल चौक, स्टेशन मार्ग होता हुआ श्री राधा कृष्ण मंदिर पहुंचकर ही संपन्न हो गया। जुलूस का शुभारंभ नगर पालिकाध्यक्ष चौधरी रवि कुमार सिंह, भाजपा वरिष्ठ नेता शरद चंद शर्मा, भाजपा मंडलाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, शलभ अग्रवाल आदि अतिथियों ने नारियल भंजन कर किया। जुलूस में आदर्श होली हवन समिति के अध्यक्ष डीके भटनागर, संजय शर्मा बिल्लू, अंकित सैनी, सौरभ मालपानी, विभूतिकांत शर्मा, भूपेंद्र सैनी, सनी छाबड़ा, गौरव पोसवाल, होशराम सैनी, नीरज रस्तोगी, शलभ अग्रवाल आदि रहे। जुलूस में जमकर आतिशबाजी हुई। ढोल की थाप पर युवक डांस करते हुए चल रहे थे। जुलूस में मथुरा ,वृंदावन, मेरठ आदि की झांकियां लोगों का मनोरंजन बनी रहीं। इस दौरान नागरिक एक दूसरे पर अबीर गुलाल उड़ाते हुए चल रहे थे। शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सीओ अभय कुमार पांडे पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।