कोल्हू में तमंचे बनाने की फैक्टरी पकड़ी
किरतपुर। चुनाव से पूर्व किरतपुर पुलिस ने बंद पड़े कोल्हू से तमंचे बनाने की फैक्टरी पकड़ी है। पुलिस ने हथियारों के साथ दो लोगों को मौके से पकड़ा है।
किरतपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के ग्राम खटाई में अवैध तमंचे बनाने की फैक्टरी चल रही है। सूचना पर भनेड़ा चौकी प्रभारी धीरज नागर और दरोगा मीर हसन मय पुलिस बल के साथ पहुंचे तो खटाई स्थित निसार के बंद पड़े कोल्हू में दो युवक तमंचे बनाते पकड़े गए। मौके से 315 बोर के चार तमंचे, 12 तमंचे के दो तमंचे, सात कारतूस और 14 नाल बरामद की है। थाना प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवक अपराधी प्रवृत्ति के हैं। उन्होंने अपने नाम गांव खटाई निवासी वसील और मोहल्ला बुद्घुपाड़ा निवासी वसीम बताए हैं। वसील गैंगेस्टर एक्ट में निरुद्ध है। पुलिस के अनुसार वसील तमंचे बनाता था और वसीम उन्हें सप्लाई करता था। इन पर लूट के मुकदमे भी दर्ज हैं।