लखनऊ के लिए धामपुर से गुजरा 25 मजदूरों का काफिला
धामपुर। शनिवार को धामपुर की रेलवे लाइन के सहारे करीब 25 मजदूरों का काफिला लखनऊ के लिए पैदल गुजरा। सूचना लगने पर पुलिस पहुंची लेकिन मजदूरों का परीक्षण नहीं कराया गया। मजदूरों में शामिल करनवीर सिंह, गुड्डन, भूदेव सिंह ने बताया कि वह पंजाब में एक कंपनी में नौकरी करते थे। लॉकडाउन लागू होने के 10 दिन पहले ही वह लखनऊ से नौकरी करने को पंजाब पहुंचे थे। लेकिन लॉकडाउन होने से कंपनी बंद होने से उन्हें काम से हटा दिया गया। कंपनी के लोगों ने उन्हें घर वापसी होने को कह दिया। उनके पास घर वापसी के लिए पैसे भी नहीं थे। जो पैसे थे वह लखनऊ से पंजाब जाने में ही खर्च हो गए थे। वह किसी तरह से वहां लखनऊ जाने के लिए निकले। नमकीन और बिस्कुट खाकर मंजिल तक पहुंचने का प्रयास कर रहे है। धामपुर में पुलिस ने उन्हें रोका। जब उन्होंने पुलिस को व्यथा बताई तो पुलिस ने यहां पर उनकी मदद की। कह दिया कि वह जल्द से जल्द यहां से निकल जाए। यदि अधिकारियों को पता लग गया तो वह उन्हें पकड़ कर 14 दिन के लिए क्वारंटीन सेंटर में भेज देंगे। उधर कोतवाल रंजन कुमार शर्मा का कहना है कि उनके थाना क्षेत्र से कोई भी मजदूर रेल की पटरी से होकर नहीं गुजर सकता है। उनके स्तर से रेल की पटरी से होकर जाने वालों को रोकने के लिए पुलिस पिकेट की तैनाती कर रखी है। वह स्वयं भी निगरानी रखे है।