बिजनौर। कोतवाली देहात थाने के गांव उमरी कला में रविवार को जेपीनगर जिले के गांव ढक्का उझारी से गांव में मारूफ की बेटी की बारात आई थी। शाम करीब पांच बजे निकाह की रस्म पूरी होने के बाद दुल्हन की विदाई की तैयारी चल रही थी। ग्रामीणों के मुताबिक इस दौरान बारात में आए कुछ युवकाें ने खुशी में तमंचों से गोली चलानी शुरू कर दी। तमंचे से चलाई गोली गांव के ही अब्दुल करीम के बेटे शुएब (14) के पेट में जा लगी। शुएब तड़प कर मौके पर गिर गया। इसी बीच फायरिंग करने वाला युवक फरार हो गया। खून में लथपथ शुएब को लेकर परिजन जिला अस्पताल आए। वहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। थाने में घटना की तहरीर नहीं दी गई है।