नांगलसोती। एक महिला के अंतिम संस्कार के लिए गया व्यक्ति गंगा में समा गया। पुलिस ने गोताखोर बुलवाकर व्यक्ति की सघनता से तलाश शुरू करवाई।
रविवार को मोहल्ला जोशियान निवासी सतीश जोशी की मां क्रांति देवी का देहांत हो गया था। उनकी अंतिम यात्रा में क्षेत्रवासियों के साथ मोहल्ले का मधु जोशी (43) भी श्मशान घाट गया था। शव के अंतिम संस्कार के बाद मधु गंगा में स्नान करने लगा। इसी बीच वह संतुलन खो बैठा और देखते ही देखते गंगा की लहरों में समा गया। घटना से शवयात्रा में गए ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने मधु की तलाश अपने स्तर से करनी शुरू कर दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची नांगल पुलिस ने ग्राम सराय आलम से गोताखोरों को बुलवाकर मधु की तलाश शुरू की। समाचार लिखे जाने तक उसका कुछ पता नहीं लग सका था।