चांदपुर। चोर मुहल्ला पतियापाड़ा में एक बंद मकान की दीवार फांद कर घर में घुसे और घर से कई लाख रुपये का कीमती सामान चुराकर ले गए। मुहल्ला पतियापाड़ा निवासी रईस अहमद रामपुर पुलिस में तैनात हैं। उनका चांदपुर स्थित मकान अक्सर बंद रहता है। रईस की लड़की नाजिया मुहल्ले में ही अपनी नानी के पास रहती है और बीच -बीच में मकान में जाकर देखभाल करती रहती है। मंगलवार को जब नाजिया ने मकान में जाकर देखा तो मकान के पीछे की तरफ की रसोई की खिड़की की जाली टूटी है और मकान के दरवाजे खुले हैं। इसकी जानकारी उसने अपने पिता को दी। पुलिस को दी तहरीर में रईस ने बताया कि चोर मकान से सोने का हार, अंगूठी, कानों के बूंदे, दो चांदी के कड़े, पायल, तांबे के बर्तन, टीवी, कपड़े आदि सामान चुराकर ले गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।