- सभी पालिकाओं के 547 सभासद पद के दावेदारों ने कराया नामांकन
- छठे दिन भी अध्यक्ष व सभासद पदों के लिए खूब बिके पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। रविवार को जनपद की नगर पालिका व नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद के लिए रविवार को 93 दावेदारों ने अपना नामांकन कराया। सभासद पद के लिए 547 दावेदारों ने अपना नामांकन कराया। वहीं पालिका अध्यक्ष पद के लिए 61 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई और सदस्य पदों के लिए 148 नामांकन पत्रों की बिक्री है। बिजनौर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के लिए सपा प्रत्याशी निवर्तमान पालिका अध्यक्ष रूकसाना परवीन, बिजनौर पालिका अध्यक्ष पद के लिए बसपा प्रत्याशी नाजिया सुल्तान, मंडावर से अध्यक्ष पद के लिए सपा प्रत्याशी मोहम्मद आसिफ शान समेत कई दावेदारों ने नामांकन कराया।
नगर पालिका और नगर पंचायत के लिए आरजेपी इंटर कॉलेज केंद्र पर छठे दिन भी अध्यक्ष पद व सभासद पदों के लिए खूब नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। रविवार को बिजनाैर नगर पालिका के अध्यक्ष पद के लिए पांच नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। पांच ही अध्यक्ष पदों के दावेदारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इसी पालिका के सभासद पद के लिए 20 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई और 61 दावेदारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किए। सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल करने का अंतिम दिन है।
-अध्यक्ष पद के 12 व बढ़ापुर में 1 दाखिल किए नामांकन पत्र
नगीना। रविवार को छठे दिन हिंदू इंटर कॉलेज के नामांकन केंद्र पर पालिका अध्यक्ष पद के लिए निवर्तमान चेयरपर्सन ताहिरा बेगम, शेख शाहनवाज खलील, सना ग्रुप के चेयरमैन सरफराज अंसारी, एआईएमआईएम के प्रत्याशी शेख अजीमुरहमान, हाजी रोशन, अनीस अहमद समेत 12 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन दाखिल किए। सभासद पद के लिए 11 नामांकन पत्र बिके तथा 45 उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए। जबकि बढ़ापुर नगर पंचायत से अध्यक्ष पद पर एक और सभासद पद 12 उम्मीदवारों नामांकन पत्र खरीदे।
29 ने पालिकाध्यक्ष, 37 ने सदस्य पद के लिए खरीदे नामांकन पत्र
धामपुर। उप जिला अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया नगर पालिका परिषद नहटौर में पालिका अध्यक्ष पद के लिए पांच, धामपुर नगर पालिका परिषद में पांच, स्योहारा में शेरकोट में तीन, अफजलगढ़ में एक और नगर पंचायत सैदपुर में एक नामांकन पत्र की बिक्री हुई। नहटौर पालिका अध्यक्ष पद के लिए 10, धामपुर में दो, स्योहारा में छह, शेरकोट में 4, अफजलगढ़ में एक और नगर पंचायत सहसपुर में 6 लोगों ने पर्चे दाखिल किए। उधर सदस्य पद के लिए नहटौर पालिका में 28, धामपुर में 22, स्योहारा में 92, शेरकोट में 29, अफजलगढ़ में 10 और नगर पंचायत सहसपुर में 27 नामांकन पत्र दाखिल हुए।
-धामपुर में पालिका अध्यक्ष पद के लिए रविवार को मात्र दो पर्चों की बिक्री हुई। एक नामांकन पत्र निवर्तमान पालिका अध्यक्ष राजू गुप्ता और दूसरा नामांकन पत्र सचिन अग्रवाल नवीन ने खरीदा। जबकि दो लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें राम किशन सैनी और अब्दुल कलाम शामिल है। इन दोनों ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चे दाखिल किए हैं।