एसडीएम और ईओ प्रशिक्षण लेने गए ओडिशा
बिजनौर। सेेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट दिल्ली की ओर से फीकल स्लज एंड सेप्टेज मैनेजमेंट में प्रशिक्षण लेने के लिए एसडीएम ब्रजेश कुमार, नगर पालिका ईओ दुर्गेश्वर त्रिपाठी को ओडिशा भेजा गया है। बिजनौर नगर पालिका में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जा रहा है। यह जिले से जुड़ा एक बहुत बड़ा प्रोजेक्ट है। सीवर लाइन को चलाने के लिए अधिकारियों को भी ट्रेनिंग दी जा रही है। नालों के पानी को साफ करने और फीकल स्लज (सीवर की गंदगी) को खाद बनाकर बेचने के लिए भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। ओडिशा के भुवनेश्वर और पुरी में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट बहुत पहले से संचालित किया जा रहा है। इसके लिए एसडीएम, ईओ को ट्रेनिंग के लिए भेजा गया है। नगर पालिका सफाई निरीक्षक अमित गौतम के अनुसार जिले के दोनों अधिकारी ओडिशा पहुंच गए हैं। वहां पर दोनों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।