अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर की छापामारी
बिजनौर। एसडीएम सदर बृजेश कुमार सिंह और पीसीपीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ. एसके निगम ने संयुक्त रूप से नगर के कई अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापामारी की। इससे अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालकों में हड़कंप मच गया। शनिवार को एसडीएम सदर तथा पीसीपीएनडी के नोडल अधिकारी ने संयुक्त रूप से अपनी टीम के साथ नगर के अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापामारी की। एसडीएम के अनुसार कुमार अल्ट्रासाउंड एंड डायग्नोस्टिक सेंटर, बिजनौर अल्ट्रासाउंड केंद्र, बुद्ध अल्ट्रासाउंड केंद्र, विश्नोई डायग्नोस्टिक सेंटर आदि केंद्रों पर छापामारी की। इस दौरान एक अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालक मौके पर नहीं मिले। दो केंद्रों पर अभिलेख मांगने पर बताया गया कि सभी अभिलेख चिकित्सक की सुपुर्दगी में हैं। दो जगह अभिलेख देखे गए तो उनमें खामियां पाई गई। केंद्रों को अभिलेख दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए गए। नोडल अधिकारी ने बताया कि अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी कीमत पर लिंग का निर्धारण नहीं करने दिया जाएगा।