बिजनौर। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन के बैनर तले अवर अभियंताओं ने टीजी टू पद वाले कर्मचारियों को अवर अभियंता का चार्ज देने के विरोध में अधीक्षण अभियंता कार्यालय में प्रदर्शन किया। अधीक्षण अभियंता सीपी सिंह को सौंपे ज्ञापन में बताया कि विद्युत उपकेंद्र ताजपुर में आदेश के बाद भी टीजी टू महबूब अहमद को अवर अभियंता का चार्ज दिया गया है। इसके अलावा उपकेंद्र वीरभानवाला पर टीजी टू रामपाल सिंह तथा हरेवली उपकेंद्र पर कृष्ण कुमार को नियुक्त किया गया है। नियमानुसार टीजी टू कर्मचारियों को अवर अभियंता का चार्ज नहीं दिया जा सकता है। ज्ञापन में कहा कि कृष्ण कुमार को लंबे समय तक धामपुर खंड में तैनाती के कारण शिकायतों पर मेरठ स्थानांतरित कर दिया गया था। मगर, छह महीने बाद फिर से उन्हें धामपुर खंड में बुलाकर तैनाती दे दी गई है। कृष्ण कुमार को अवर अभियंता के अलावा अनुबंध शीट, अधिष्ठान लिपिक, लेखा लिपिक, बिल लिपिक का चार्ज भी दिया गया है। इन मामलों में कार्रवाई की मांग की गई। इस दौरान संगठन जिलाध्यक्ष देवेंद्र यादव, सचिव हितेश कुमार सहित अनेक अवर अभियंता मौजूद रहे।