भारतीय रेलवे और एयर इंडिया के निजीकरण का विरोध
बिजनौर। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति/जनजाति जन जागृति महासंघ ने नीट प्रवेश परीक्षा में नई रिजल्ट प्रक्रिया शुरू करने पर विरोध जताया है। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम वित्त एवं राजस्व को सौंपकर इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में बताया कि नीट प्रवेश परीक्षा आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों के उच्चतम अंक लाने पर भी उनको सामान्य श्रेणी में शामिल नहीं किया गया है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को उसी वर्ग की मेरिट में शामिल कर प्रवेश दिया जा रहा है, जो असंवैधानिक है। ज्ञापन में प्रवेश प्रक्रिया पहले की तरह करने, भारतीय रेलवे और एयर इंडिया का निजीकरण रोकने, उत्तर प्रदेश पीसीएस जे 2016 के परिणाम रद्द करने, जस्टिस कर्णन को सुनाई सजा के आरोपित दोषों को सार्वजनिक करने, समान शिक्षा प्रणाली लागू करने की मांग की है। इस दौरान जिलाध्यक्ष रामनाथ सिंह, चंद्रहास सिंह, रीता भुईयार, हेमलता, जयराम सिंह, तेजपाल सिंह, उमेश सिंह, संजीव कुमार, सूरजभान राही, नरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।