वृहद रोजगार मेले में 855 को नौकरी मिली
बिजनौर। जिला मुख्यालय पर आयोजित वृहद रोजगार मेले में 855 बेरोजगार युवकों को रोजगार मिला। कंपनियों ने चयनित युवकों को जॉब लैटर दिए गए। शासन के निर्देश पर सोमवार को वीकेआईटी में वृहद बेरोजगार मेले का आयोजन हुआ। मेले में जिले व गैर जिले की दो दर्जन से अधिक औद्योगिक कंपनियों ने प्रतिभाग किया। मेले में आईटीआई अप्रेंटिसशिप बेरोजगारों को बुलाया गया था। मेले में बेरोजगार सुबह से ही आने शुरू हो गए थे। करीब ढाई हजार बेरोजगारों ने भाग लिया। आयोजक समिति के सदस्य व राजकीय आईटीआई बिजनौर के प्रधानाचार्य मुकेश शर्मा ने बताया कि 855 बेरोजगारों को नौकरी दी गई है। सीडीओ केपी सिंह ने बताया कि बेरोजगार मेले के आयोजन का क्रम जारी रहेगा। जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जिले में कोई युवक बेरोजगार नहीं रहेगा। इस दौरान वीकेआईटी के संस्थापक एके सिंह मौजूद रहे।