घायल को उपचार बिना रेफर किया
किरतपुर। बुधवार की रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किसी भी डाक्टर के तैनात नहीं होने के कारण मारपीट के एक मामले में घायल हुए एक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बिना ही जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। दो दिन पूर्व प्रभारी चिकित्साधिकारी सुमित राठी का स्थानांतरण सीएमओ कार्यालय के लिए हो गया था। डॉ. राठी का चार्ज दूसरे डाक्टर ब्रजपाल सिंह को दिया जाना था। मगर वह अनुपस्थित रहे। बुधवार की रात मारपीट में घायल मोहल्ला झंडा के धनंजय शर्मा को मेडिकल के लिए अस्पताल लाया गया तो पता चला कि अस्पताल में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं है और ताले लगे हैं। परिजनों के हंगामा करने पर फार्मेसिस्ट ने सीएमओ से फोन पर वार्ता की तथा उनका निर्देश मिलने पर घायल को उपचार के लिए जिलाचिकित्सालय रेफर कर दिया। सीएमओ ने अगली व्यवस्था होने तक डॉ. सुमित राठी को ड्यूटी करने का निर्देश दिया है।