बिजनौर। मदरसों में गणित, विज्ञान, अंग्रेजी और सामाजिक विज्ञान विषय पढ़ाना अनिवार्य हो गया है। शिक्षा सत्र शुरू होने के चार माह बाद भी बाजार में कोर्स की किताब उपलब्ध नहीं हैं। मदरसों ने किताबों की कमी का मामला जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के समक्ष उठाया गया है। जिले में 700 मदरसे हैं। शासन ने एक अप्रैल से मदरसों में एनसीआरटी का कोर्स पढ़ाना अनिवार्य कर दिया है। शिक्षा सत्र शुरू हुए चार माह बीत गए हैं। मदरसों में पढ़ने वाले छात्र किताबों के लिए बाजारों के चक्कर काटते परेशान हैं । जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रवीण कुमार मिश्र के अनुसार मदरसों से बाजार में किताब नहीं मिलने की शिकायत मिल रही हैं। आधुनिकीकरण योजना के अंतर्गत नियुक्त शिक्षक गणित, अंग्रेजी विषय पढ़ाएंगे। अगले माह से किताबों के लिए चेकिंग अभियान चलेगा।