बिजनौर । नूरपुर विधानसभा उपचुनाव में मुस्लिम मतदाताओं ने खूब जोश खरोश के साथ मतदान किया। गर्मी के साथ रमजान के चलते मुस्लिम महिला व पुरुष सुबह से मतदान करने के लिए घरों से बाहर आ गए थे। जुमे की नमाज के बाद मस्जिदों से मतदान प्रतिशत बढ़ाने की अपील की गई थी। इसका असर मतदान में खूब दिखाई दिया। चुनाव के दौरान इस बात पर रोज चर्चा थी कि गर्मी होने के साथ रमजान के चलते मुस्लिम मतदाता वोट डालने निकलेंगे या नहीं। मुस्लिमों से वोट प्रतिशत बढ़ाने की अपील की जा रही थी। शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद नूरपुर की मस्जिदों से वोट प्रतिशत बढ़ाने की मुस्लिमों से अपील की गई थी। इसके साथ गांव-गांव में मुस्लिमों से घरों से निकल कर वोट डालने को कहा गया था। आठ दिन से मुस्लिमों के बड़ी तादाद में वोट डलवाने की तैयारी की जा रही थी। इसका असर मतदान के दौरान दिखाई दिया। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मुस्लिम महिलाओं की लाइन लगी रही। ईवीएम खराब होने के बाद भी ये महिलाएं मतदान केंद्रों से नहीं हटीं। महिलाओं को घंटों लाइन में लगना पड़ा। नूरपुर के खालसा इंटर कॉलेज के मतदान केंद्र पर तो सवेरे से मुस्लिम महिलाओं की लंबी लाइन लगी थी। नूरपुर के जूनियर हाईस्कूल मतदान केेंद्र पर भी मुस्लिम महिलाओं के साथ पुरुषों की वोट डालने को लंबी लाइन दिखाई दी। रोशनपुर जहांगीर गांव में तो कड़ी धम में मुस्लिम महिला व पुरुष वोट डालने को लाइन में लगे थे। अन्य मतदान केंद्रों पर भी मुस्लिम मतदाताओं को ये ही हाल था। कड़ाके की धूप में भी ये घरों में कैद नहीं थे। दोपहर के समय भी खूब मुस्लिम मतदाता वोट डालने के लिए घरों से बाहर आए। शहर हो या गांव हर जगह ये ही हालात रहे। यह देखकर हर कोई आश्चर्य में रहा।