बिजनौर। परिषदीय स्कूलों के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों का तीन महीने का अवशेष वेतन उनके खातों में स्थानांतरित कर दिया गया है। वित्त एवं लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा संजय कुमार शर्मा के अनुसार शिक्षकों का जनवरी, फरवरी एवं मार्च 2017 का अवशेष वेतन का भुगतान कर दिया गया है। करीब साढ़े सात हजार शिक्षकों को अवशेष वेतन के रूप में करीब एक करोड़ की धनराशि उनके खातों में स्थानांतरित की गई है। तीन महीने से इस अवशेष वेतन भुगतान की मांग को लेकर कई बार शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी लेखाधिकारी से मिले थे। शिक्षकों ने ट्रेजरी ऑफिसर को भी भुगतान कराने की मांग की थी। उत्तर प्रदेश जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुधीर यादव, मंत्री दुष्यंत कुमार, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नागेश कुमार, मंत्री प्रशांत चौधरी ने वित्त एवं लेखाधिकारी के प्रयासों की सराहना की है। साथ ही बोनस का भुगतान भी शीघ्र कराने की मांग की है।