हल्दौर। आजाद किसान यूनियन की मासिक पंचायत में किसानों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। शुक्रवार को ब्लॉक कार्यालय के सभागार में मूला सिंह फौजी की अध्यक्षता तथा मनोज कुमार के संचालन में आयोजित मासिक पंचायत में किसानों की विभिन्न समस्याओं को उठाया गया। किसान जयपाल सिंह ने कहा कि रेलवे द्वारा जो फाटक बनाए जा रहे हैं वे गन्ने के ट्रैक्टर ट्राली और गन्ने से भरी बुग्गी के अनुरूप नहीं है। गन्ना निकालने में वाहनों को बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। उन्हें नए मानकों के अनुरूप बनवाया जाए। किसानों ने डीजल की महंगाई तथा गन्ना विभाग द्वारा अपनाई जा रही नीति की निंदा की। आजाद किसान यूनियन हल्दौर क्षेत्र में शहीद किसानों के परिवारों को आर्थिक मदद देने की मांग को प्रमुखता से उठाया गया। पंचायत में युवराज सिंह ठाकुर नरेंद्र सिंह, सतवीर सिंह, धर्मेंद्र कुमार, योगेंद्र सिंह ,पुष्पेंद्र कुमार, वीर सिंह, अशोक कुमार , गिरिराज सिंह आदि रहे।