बिजनौर। डीएम अटल कुमार की अध्यक्षता में विकास भवन परिसर में किसान दिवस का आयोजन किया गया। किसानों ने हल्दौर क्षेत्र में चकबंदी का मुद्दा उठाया। बताया कि चकबंदी होने से किसानों की समस्या बढ़ गई हैं। वे खेती पर ध्यान नहीं दे पा रहे हैं। किसानों ने चकबंदी प्रक्रिया को रोकने की मांग की। किसानों ने चांदपुर व बिजनौर चीनी में मरम्मत कार्य कराने, बिजली की जर्जर लाइनों को भी बदलवाने की मांग की। किसानों ने कहा कि अगर चीनी मिलों की मरम्मत जल्दी शुरू न कराई गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। डीएम ने कहा कि दोनों चीनी मिलों की मरम्मत जल्दी शुरू करा दी जाएगी। हल्दौर में चकबंदी प्रक्रिया बहुत आगे बढ़ चुकी है। इसे रोकना अब संभव नहीं है। चकबंदी प्रक्रिया में कुछ अधिकारियों व कर्मचारियों ने लापरवाही की है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही चकबंदी के संबंध में वे किसानों के साथ बैठक करेंगे। जिसकी जो भी समस्या होगी वह हल की जाएगी। इस दौरान किसान नेता होशियार सिंह, दिगंबर सिंह, राजेंद्र सिंह, कैलाश लांबा आदि शामिल रहे।