बिजनौर। नूरपुर विधानसभा के चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना होने के दौरान 27 कर्मचारी ड्यूटी से गैर हाजिर रहे। इन कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सभी कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। इसे लेकर ड्यूटी से गायब रहे कर्मचारियों में खलबली मची हुई है। उपचुनाव कराने के लिए प्रशासन काफी समय से तैयारी में लगा था। मतदान कार्मिकों को चुनाव का प्रशिक्षण भी दिया गया था। इन कर्मचारियों से रविवार को समय से वर्धमान कॉलेज पहुंचने के लिए कहा गया था। वर्धमान कॉलेज से पोलिंग पार्टियां रवाना होने के दौरान 27 कर्मचारी ड्यूटी से गायब मिले। इन कर्मचारियों का अफसरों ने पता कराया। कई बार कर्मचारियों को आवाज लगाई गई, लेकिन वे मौके पर मौजूद नहीं थे। बाद में इन कर्मचारियों की जगह रिजर्व कर्मचारियों को भेजा गया। सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी के अनुसार 27 कर्मचारी ड्यूटी से गैर हाजिर मिले हैं। इनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। रिपोर्ट भी दर्ज कराई जा रही है।