नींदडू़। भारतीय किसान यूनियन ने सरकार पर किसानों की उपेक्षा तथा डीजल और पेट्रोल की कीमतें बढ़ाने पर नाराजगी व्यक्त की है। साथ ही आग्रह किया है कि मंत्री एवं जन प्रतिनिधि उप चुनाव वही वादे करें, जिसे वे भविष्य में पूरा कर सकें। मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन की गांव अजीतपुर दासी में हुई पंचायत में तहसील महासचिव हरिराज सिंह जाट ने सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक, मंत्री तथा बड़े नेताओं का समस्त ध्यान लोकसभा सीट कैराना तथा विधान सभा सीट नूरपुर के उप चुनावों में लगा हुआ है। किसानों की समस्याओं की ओर ध्यान देने का किसी के पास समय नहीं है। किसानों का गेहूं क्रय केंद्रों पर नहीं खरीदा जा रहा है तथा वे गेहूं कम दाम पर बेचने को मजबूर हैं। गन्ने का भुगतान नहीं किया जा रहा है। सिंचाई के लिए नहरों में पानी नहीं है। आंधी में टूटे बिजली के खंभे अभी तक नहीं लगाए गए हैं। डीजल और पेट्रोल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। महंगाई चरम पर है। किसानों को उनकी फसलों का डेढ़ गुना लाभकारी मूल्य अभी तक नहीं मिला है। चुनावी सभाओं में कोई भी मंत्री या जनप्रतिनिधि यह कहने को तैयार नहीं है कि उप चुनाव से पहले हम जनहित के कार्य करा देंगे। सुखवीर सिंह की अध्यक्षता तथा दीपक कुमार के संचालन में हुई पंचायत में सुरेंद्र सिंह, अजय सिंह, घनश्याम सिंह, शिव कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।