बिजनौर में एक धार्मिक स्थल से पुलिस ने उतरवाये लाउडस्पीकर। स्रोत पुलिस।
- 185 लाउडस्पीकरों की आवाज को कराया गया कम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों को लेकर सोमवार की तड़के ही अभियान चलाया गया। एएसपी देहात की अगुवाई में चेकिंग हुई तो 185 जगहों पर तेज आवाज में लाडस्पीकर चलते मिले, जिनकी आवाज को कम कराया गया। वहीं 65 लाउडस्पीकर उतरवाए गए।
सोमवार की सुबह पांच बजे से सात बजे तक शासन के निर्देशन में चेकिंग अभियान चलाया गया। मंदिर मस्जिद धार्मिक स्थलों पर एक से अधिक लगे लाउडस्पीकर को उतारा गया। मानक स्वरूप ध्वनि विस्तारक यंत्रों की ध्वनि कम कराई गई।
नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक देहात रामअर्ज ने बताया कि सुबह शासन के निर्देश पर पूरे जनपद में अभियान चलाया गया। धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे 282 लाउडस्पीकर चेक किए गए। इनमें 185 लाउडस्पीकर की आवाज को कम कराया गया। जबकि 65 लाउडस्पीकर उतरवाए गए हैं।