ट्रेन से गिरकर युवक की मौत
चंदक। शुक्रवार को किसान एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शुक्रवार को चंदक-बालावाली स्टेशन के बीच गेट मैन मनोज कुमार ने करीब 35 वर्षीय एक युवक को रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा देखा। गेट मैन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने युवक को गंभीर हालत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। वहां के चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक किसान एक्सप्रेस ट्रेन से गिरा था। पुलिस के अनुसार युवक के सिर और दाएं हाथ में गंभीर चोट लगी हैं। नांगल सोती थाने के एसआई राजवीर ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। युवक की पहचान नहीं हो सकी है।