गड्ढे खोदने वाली कंपनी के खिलाफ दी तहरीर
नगीना। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह ने केबिल डालने के लिए पालिका की अनुमति बिना अनुमति सड़कों में गड्ढे खोदने वाली कंपनी के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। पुलिस को दी तहरीर में ईओ इंद्रपाल सिंह ने कहा की किसी दूरसंचार कंपनी द्वारा नगर पालिका से अनुमति प्राप्त किए बिना अंडर ग्राउंड केबिल डाली जा रही है। इसके कारण नगर पालिका की सड़के क्षतिग्रस्त हो रही हैं। कई जगहों पर पानी की पाइप लाइन भी तोड़ दी गई है। इसके चलते आम नागरिकों को आवागमन में कठिनाई हो रही है। सड़कों में गड्ढे होने के कारण दुर्घटनाओं में भी इजाफा हो रहा है। तहरीर में कहा कि कंपनी द्वारा बुधवार को मोहल्ला मनिहारी सराय में नगर पालिका के नलकूप के पास भी गड्ढे खोदे गए हैं। पत्र के माध्यम से सार्वजनिक संपत्ति को हो रहे नुकसान को रोकने के लिए ऐसे लोगों को चिह्नित कर कार्यवाही की मांग की गई है।