आंगनबाड़ी केंद्रों पर कैलेंडर से होंगे कार्यक्रम
रेहड़। आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्रतिमाह होने वाले कार्यक्रम अब शासन की निर्धारित तिथियों पर मनाए जाएंगे। प्रभारी सीडीपीओ रीता देवी ने बुधवार को कासमपुरगढ़ी स्थित बाल विकास योजना कार्यालय पर आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की बैठक में बताया कि दिसंबर माह से शासन के बाल विभाग एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से गतिविधि कैलेंडर जारी हुआ है। अब आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रम गतिविधि कैलेंडर के अनुसार ही होंगे। उन्होंने बताया की दिसंबर माह में सुपोषण स्वास्थ मेला, पांच दिसंबर ममता दिवस, 15 दिसंबर अन्नप्राशन दिवस, 20 दिसंबर लाड़ली दिवस, 26 दिसंबर सुपोषण दिवस, 27 दिसंबर बचपन दिवस, 29 दिसंबर को गोदभराई आदि दिवस मनाए जाएंगे। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को शासनादेश का सख्ती से अनुपालन करने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर मुख्य सेविका बिंदु सिंह, विपिन देवी, सुनीता देवी, दीपा रानी, सुधा देवी, बबीता रानी, वंदना देवी आदि मौजूद रहे।