विधान मंडल समिति की टीम ने जेल का निरीक्षण किया
बिजनौर। महिला एवं बाल विकास विधान मंडल समिति की टीम ने शुक्रवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। महिला बंदी, उनके बच्चों के रख रखाव और खानपान को देखा। जेल में विभिन्न खेलों के विजेताओं को सम्मानित किया। महिला बाल विकास विधान मंडल की टीम जिले के दौरे पर आई हुई है। समिति की अध्यक्ष डॉ. सगीता बलवंत की अगुवाई में टीम ने शुक्रवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। महिला बंदियों की बैरक को खंगाला। महिला बंदी और उनके बच्चों को रहन सहन, भोजन-पानी की व्यवस्था को देखा। महिला बंदियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। सभी बंदियों से अलग अलग बात की। डॉ. संगीता बलवंत ने बंदियों को कविता सुनाई व सुधरने की नसीहत दी। उन्होंने कारागार में हुई विभिन्न खेलों के विजेताओं को सम्मानित किया। गायन में फसाहद, शतरंज में दिलशाद, कैरम में शहजाद, रंगोली में अनुज, बैडमिंटन में मोहित, निबंध प्रतियोगिता में परवेज, नृत्य में विजेता रहे विजय को सम्मानित किया। उन्होंने जेल की व्यवस्था की सराहना की। इस दौरान जेलर आकाश शर्मा, डिप्टी जेलर केबी चंदेला, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय यादव आदि मौजूद रहे।