तारीख न देने पर मिलों को नोटिस जारी
बिजनौर। प्रशासन ने मिलों की संचालन की तारीख घोषित न करने वाले जिले की सात चीनी मिलों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। शासन ने पश्चिमी जिलों की चीनी मिलों को 15 अक्टूबर से पांच नवंबर तक चलाने के निर्देश दिए हैं। जिले में नौ चीनी मिल हैं। जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह के अनुसार केवल नजीबाबाद व बिलाई चीनी मिल ने पिराई शुरू करने की तारीखों का एलान किया है। नजीबाबाद चीनी मिल 25 अक्तूबर व बिलाई मिल 29 अक्टूबर से चलेगी। बाकी सात मिलों के संचालन की तारीखों की घोषणा नहीं की है। बिजनौर और चांदपुर चीनी मिलों मे मात्र 35 प्रतिशत मशीनों की मरम्मत का काम हुआ है। धामपुर, स्योहारा, बूंदकी, बरकातपुर और बहादरपुर चीनी मिलों की मरम्मत का काम अधूरा है। जिलाधिकारी अटल कुमार राय ने इस पर कड़ा रुख अपनाया है। प्रशासन जिले के चीनी मिल समय से चलवाने के लिए प्रयासरत है। डीसीओ ने बताया कि वह स्वयं मौके पर जाकर मशीनों की मरम्मत का स्टेटस देख रहे हैं।