नहटौर। नहटौर-नूरपुर मार्ग पर गांव समसपुर और आंकू के बीच शनिवार की रात करीब 11 बजे बारिश के दौरान एक शीशम का पेड़ टूट कर सड़क पर गिर गया। इससे आवागमन बंद हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई। सूचना पर कोतवाल अजय कुमार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और रात में ही वन विभाग को सूचना दी गई। वन रेंजर एसके मठपाल की टीम मौके पर पहुंची और एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ को हटवाया। रात करीब 12 बजे आवागमन शुरू हो सका।