धामपुर। धामपुर चीनी मिल ने बृहस्पतिवार को मिल क्षेत्र की सात गन्ना समितियों को 60 हजार क्विंटल का गन्ना इंडेंट जारी कर दिया। गन्ना तौल 28 अक्तूबर से शुरू होगी। मिल के गन्ना जीएम कुलदीप शर्मा ने बताया कि धामपुर चीनी मिल का गन्ना पेराई सत्र 29 अक्तूबर से शुरू हो रहा है। इसके मद्देनजर मिल ने बृहस्पतिवार को सात समितियों का इंडेंट जारी कर दिया है। इनमें से धामपुर गन्ना समिति को 20 हजार, बिजनौर समिति को छह हजार 300, नूरपुर को 18 हजार, चांदपुर को 8800, नगीना को 900, हल्दौर को 1000, अमरोहा को 2000 क्विंटल का इंडेंट शामिल है। उन्होंने बताया कि यह इंडेंट गन्ना सेंटरों का है। सभी सेंटरों पर 28 अक्तूबर को गन्ना तौल होगी। मिल गेट का इंडेंट 26 अक्तूबर को जारी होगा।