विद्युत कर्मचारियों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन
चांदपुर। विद्युत कर्मचारी मोर्चा संगठन के बैनर तले कर्मचारियों ने केंद्रीय आह्वान पर विधायक को एक मांग पत्र सौंपा।
विद्युत वितरण खंड चांदपुर के मोर्चा संगठन कर्मचारियों और पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष अमरपाल शर्मा के नेतृत्व में विधायक कमलेश सैनी को 11 सूत्री मांग पत्र सौंपा। जिसमें संगठन द्वारा प्रबंधन को भ्रष्टाचार की सूचना/साक्ष्य देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई, तृतीय श्रेणी कर्मचारियों को तृतीय समयबद्ध वेतनमान 6600, द्वितीय समयबद्ध वेतनमान 5400 तथा प्रथम समयवद्ध वेतनमान 4800 के आदेश किए जाने, वर्ष 2000 के बाद के नियुक्त कर्मचारियों को भी पेंशन एवं अन्य लाभ दिए जाने, सहमति के अनुसार कर्मचारियों के पदनाम परिवर्तन किए जाने, संविदा कर्मचारियों का उत्पीड़न रोकते हुए उनको विभाग से सीधा भुगतान किए जाने, छठे वेतन आयोग की रिपोर्ट के पेज 2 पर अंकित 175 की टिप्पणी को समाप्त करने समेत 11 मांग की गई हैं। जिलाध्यक्ष अमरपाल ने बताया कि पहले चरण में 30 अगस्त से 12 सितंबर तक विधायक, सांसद को मांग पत्र देना, दूसरे चरण में 18 सितंबर को क्षेत्रीय आंचलों पर संगठन कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों का 24 घंटे का अनशन/धरना, तृतीय चरण में चार अक्टूबर को शक्ति भवन लखनऊ पर धरना एवं छापामार आंदोलन की कार्रवाई, 24 अक्टूबर को संगठन के विशेष बलिदानी जत्थे द्वारा मुख्यमंत्री के निवास पर कूच और धरना होगा। इस दौरान गौरव शर्मा, चंद्रशेखर भटनागर, दीपक कुमार, धीरानंद मजूमदार, संजय कुमार, राजीव कुमार चौहान, मुकेश आदि मौजूद रहे।