गौमुख से कांवड़ लेकर पहुंचे कांवड़िये
अफजलगढ़। शिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालुओं का हरिद्वार व अन्य पवित्र स्थानों से जल लेकर पैदल यात्रा का सिलसिला जारी है। शिव भक्तों का एक जत्था गौ मुख से जल लेकर यहां पहुंचा। 25 जुलाई को नगर के मोहल्ला किला निवासी महेश शर्मा, चिरंजीलाल निवासी अतुल जोशी व नायकसराय निवासी अरविंद फूलमाली गंगाजल लेने गौमुख गए थे। 27 जुलाई को गौ मुख से जलभर कर भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए सात अगस्त प्रस्थान कर गए। यात्रा में वह भगवान शिव के जयकारों के साथ अपनी मंजिल पूरी कर पहुंचे। नौ अगस्त को बडा शिव मंदिर में पूजा अर्चना कर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। उधर, भूतपुरी से कांवड़ियों का जत्था एक कांवड़ देश के नाम लेकर बरेली के लिए गुजरा। कांवड़ पर भारत की शान तिरंगा लहरा रहा था।