नांगलसोती। विद्युत चेकिंग के नाम पर परेशान करने का आरोप लगाते हुए किसानों ने सौफतपुर बिजलीघर पर धरना दिया।
भाकियू नेता राजीव राठी और धर्मेंद्र राणा के नेतृत्व में बिजलीघर पहुंचे किसानों का आरोप था कि शुक्रवार को बिजलीघर पर तैनात संविदा कर्मी ओमवीर, नरेश कुमार, रविंद्र बिना अधिकारियों की मौजूदगी में गांव सौफतपुर में चेकिंग के लिए पहुंचे थे। चेकिंग का कारण पूछने पर ओमवीर और धर्मेंद्र राणा के बीच नोकझोंक हो गई। विरोध में किसानों ने सौफतपुर बिजलीघर पहुंचकर बिजली आपूर्ति ठप करा दी। सूचना मिलने पर पहुंचे नांगल थाना प्रभारी आरके सिंह ने किसानों से जिले में आचार संहिता और धारा 144 लागू होने का हवाला देते हुए धरना समाप्त करने की सलाह दी। उन्होंने थाने में विद्युत अधिकारियों से वार्ता कराने का आश्वासन दिया। इस पर किसान धरना समाप्त कर नांगल थाने पहुंच गए। थाना प्रभारी आरके सिंह और भाकियू जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह की मौजूदगी में एसडीओ अशोक कुमार और जेई नवनीत कुमार से किसानों की वार्ता हुई। इसमें किसानों ने विद्युत अधिकारियों से आए दिन चेकिंग के नाम पर मनमानी करने का आरोप लगाया। एसडीओ ने बिजली संबंधी समस्याओं के त्वरित निस्तारण का आश्वासन दिया। इस पर किसान शांत हुए। प्रदर्शनकारियों में नीटू चौधरी, पुष्पेंद्र सिंह, रोहित राणा, सन्नी, इमाम अली, खलील अहमद, मोहित, संजीव राठी, शौकत, सुक्खे आदि शामिल रहे।