बिजनौर । वन महोत्सव के अंतर्गत बुधवार को स्कूल, कॉलेजों और विदुरकुटी पर पौधारोपण किया गया। विद्यार्थियों को पर्यावरण की रक्षा करने की शपथ दिलाई गई।
पंडित दीन दयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विदुरकुटी और गंगा नदी के पास दस हेक्टेअर जमीन में 6250 पौधे लगाए गए। चांदपुर से भाजपा विधायक कमलेश सैनी, डीफओ डा. एम सेम्मारन, रेंजर सतीश कुमार आदि अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। डीएफओ ने कहा कि बुधवार को 2923 प्राइमरी स्कूलों, जूनियर हाईस्कूल, माध्यमिक और उच्च शिक्षा संस्थानों में दो लाख 32 हजार 130 विद्यार्थियों ने पौधारोपण किया है। सभी शिक्षण संस्थाओं में 40-40 पौधे लगाए गए हैं। रैली निकालकर भी जनता को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया है। आरजेपी इंटर कॉलेज में अनेक तरह के 40 पौधे लगाए गए। प्रधानाचार्य डा.आरके त्यागी ने विद्यार्थियों को पर्यावरण की रक्षा करने की शपथ दिलाई।