- फसलों की सिंचाई के लिए पूर्वी गंग नहर छोड़ा पानी, किसानों में खुशी
- पूर्वी गंग नहर और उससे जुड़ी शाखाओं में आज पहुंचेगा पानी
नांगलसोती/नजीबाबाद (बिजनौर)। किसानों की लगातार मांग के बाद सिंचाई विभाग हरिद्वार ने पूर्वी गंग नहर में पानी छोड़ दिया है। नजीबाबाद क्षेत्र में पूर्वी गंग नहर और उससे जुड़ी शाखाओं में रविवार को (आज) पानी पहुंचेगा। इससे किसान अपनी फसलों की सिंचाई कर सकेंगे।
सिंचाई विभाग हरिद्वार ने अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह में पूर्वी गंग नहर में 700 क्यूसेक पानी छोड़ा था। पानी छोड़ने के तीन दिन बाद ही पूर्वी गंग नहर में पानी की आपूर्ति बंद कर दी गई। कम पानी छोड़े जाने से पूर्वी गंग नहर में तो पानी पहुंचा, लेकिन उससे जुड़ी नहर शाखओं, रजबहों और माइनरों में पानी नहीं पहुंच सका। इस कारण नहर सिंचाई से जुड़े किसान अपनी फसलों की सिंचाई नहीं कर सके।
किसान नेताओं की लगातार मांग के बाद सिंचाई विभाग हरिद्वार ने शनिवार को अपराह्न तीन बजे पूर्वी गंग नहर में 500 क्यूसेक पानी छोड़ा है, जो रविवार तक नजीबाबाद क्षेत्र और उससे जुड़ी शाखाओं में पहुंचेगा।
भीमगोड़ा हरिद्वार से पूर्वी गंग नहर में 500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। विभाग ने रुड़की कार्यालय को 1750 क्यूसेक पानी की मांग भेजी थी, जिस पर शनिवार को 500 क्यूसेक पानी छोड़ने की अनुमति मिली है। गंगा नदी में पानी की उपलब्धता के आधार पर पानी की आपूर्ति और बढ़ाई जाएगी। - विपिन कुमार, एसडीओ, सिंचाई विभाग हरिद्वार