दो बसों से घर भेजे गए 44 प्रवासी मजदूर
बिजनौर। बिजनौर डिपो की दो बसों से 44 प्रवासी मजदूरों को सुल्तानपुर और रायबरेली के लिए रवाना किया गया। इससे पूर्व इन सभी मजदूरों की थर्मल स्क्रीनिंग से जांच की गई। इसके बाद ही इन मजदूरों को बसों में बैठाया गया। इसके अलावा सहारनपुर बॉर्डर पर फंसे मजदूरों पूर्वांचल के विभिन्न जिलों तक भेजने के लिए बिजनौर डिपो की छह बसें सहारनपुर बॉर्डर के लिए भेजी गईं। रविवार को बिजनौर डिपो की आठ बसें विभिन्न स्थानों के लिए भेजी गईं। बस स्टेशन प्रभारी अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि यहां से दो बसें जनपद रायबरेली और सुल्तानपुर के लिए भेजी गई हैं। इनमें करीब 44 प्रवासी मजदूर उनके घरों के लिए रवाना किये गए हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को प्रशासन ने दो बसों की डिमांड की थी, जबकि उत्तर प्रदेश परिवहन निगम मुख्यालय के निर्देशानुसार सहारनपुर बॉर्डर के लिए छह बसें भेजी गई हैं। सीमावर्ती जनपदों एवं राज्यों में फंसे मजदूरों को सहारनुपर से ये बसें लेकर जाएंगी। रविवार को बिजनौर बस अड्डे से लगभग 44 मजदूर उनके घरों के लिए भेजे गए हैं।