होली शांति से मनाने की अपील
स्योहारा। थाने के प्रांगण में आयोजित अमन कमेटी की एक सभा में होली का पर्व शांतिपूर्वक भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई। एसडीएम धामपुर कुंवर वीरेंद्र कुमार मौर्य की अध्यक्षता तथा तथा संचालन डॉ वीरेंद्र कुमार पुष्पक ने किया। सभा में नगर और उसके आसपास के गांवों से आये गण्यमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। सभा में वक्ताओं ने लोगों से होली का त्यौहार सौहार्द पूर्वक मनाने की अपील की। थानाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने कहा कि पिछले वर्ष होली के जुलूस से संबंधित जितनी भी शिकायतें आज हमारे सम्मुख आई है ,उनका निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा। सीओ धामपुर महावीर सिंह राजावत ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों को बक्शा नहीं जाएगा। इस दौरान शहर इमाम मोहम्मद कामिल, नगर पालिका अध्यक्ष अख्तर जलील, नूरपुर विधायक हाजी नईम उल हसन, व्यापारी नेता अरुण वर्मा, शैंकी रस्तोगी, होली के रंग के संयोजक मुकेश रस्तोगी, डॉ. यज्ञदत्त गौड़, डॉ विनीत देवरा, शशांक विश्नोई, कामरेड मुनव्वर जलील, याकूब सलमानी आदि मौजूद रहे।