बहजोई। पिकअप की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हो गए। आनन-फानन में घायलों को उपचार के लिए अलीगढ़ ले जाया गया। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर जाम लगा दिया। करीब 2 घंटा जाम के बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम और सीओ ने ग्रामीणों को समझा कर जाम खुलवाया। हादसा गांव टिकटा के निकट हुआ।
गुरुवार को गांव टिकटआ के निकट एक पिकअप वाहन ने सुबह करीब साढ़े सात बजे एक बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार गांव बहरौली-ताहरपुर निवासी भूरे पुत्र जगन्नाथ की मौत हो गई। वहीं महीपाल पुत्र सुखराम व गांव टिकटआ निवासी मुकुट सिंह पुत्र बदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। आनन-फानन में घायलों को उपचार के लिए अलीगढ़ ले जाया गया। ग्रामीणों ने मौके पर जाम लगा दिया। सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण नहीं माने करीब पौने दस बजे उप जिलाधिकारी चंदौसी महेश प्रसाद दीक्षित व पुलिस क्षेत्राधिकारी चंदौसी डॉक्टर केके सरोज मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया। तब करीब 2 घंटे बाद जाम खुला और यातायात सुचारू हो सका। सीओ ने बताया कि सड़क पर स्पीड ब्रेकर की मांग करते हुए ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। स्पीड ब्रेकर बनाने का आश्वासन देने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। पिकअप को कब्जे में लिया गया है। चालक फरार है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। वहीं मृतक परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल रहा।