अमरोहा। एफआईआर दर्ज के विरोध में बुधवार को जनपद भर के कोटेदारों ने मंडी समिति परिसर में डीएसओ कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। कोटेदारों ने धरना देकर विभागीय अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच कराकर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बुधवार को प्रदेश सचिव बनारसी दास के नेतृत्व में तमाम कोटेदार डीएसओ कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां कोटेदार अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों ने खुद की गलतियों को डीलरों के सिर मढ़ दिया है। जनपद के 32 कोटेदारों पर जबरन एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्दोष राशन डीलरों पर हुई एफआईआर निरस्त होने तक दुकानें बंद रहेंगी। वक्ताओं ने कहा कि राशन का वितरण नहीं किया जाएगा। जालसाजी में अधिकारियों की मिलीभगत रही है। मशीन के साथ ऑपरेटर ही छेड़छाड़ कर सकता है। जबकि उन ईपीओएस मशीन के बारे में डीलर कुछ नहीं जानते हैं। कोटेदारों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान वकार मेहंदी, फारूख अब्दुल्ला, हरचिंद, गंगासरन, शिबली शमीम, शादाब अहमद, औवेस खान, अनवर अली, कमाल अख्तर, अकेंद्र कुमार, कुंतल देवी, आभा गुप्ता, प्रदीप सिंघल आदि मौजूद रहे।