नजीबाबाद। विद्युत निगम खंड कार्यालय के निकट बुधवार को तड़के बड़ा हादसा टल गया। ट्रांसफार्मर संख्या 11 के निकट दलित परिवारों के आवास के बाहर अजमल खां रोड पर लगे बिजली के खंभे में अचानक करंट आ गया। जिस समय करंट आया उस समय वर्षा शुरू हुई थी और स्कूली बच्चें खंभे के निकट से स्कूल जा रहे थे। संयोग से कोई बच्चे या राहगीर करंट की चपेट में नहीं आया। एक कुत्ते की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। क्षेत्रवासियों ने कुत्ते के करंट की चपेट में आते ही शोर मचाकर स्कूली बच्चों को खंभे के नजदीक आने से रोका। घटना से पूर्व अजमल खां रोड पर सफाई के लिए आए एक सफाई कर्मी को भी खंभे से करंट लगा। क्षेत्रवासियों ने बिजली आपूर्ति बंद कराई। लाइनमैन राजू और उसके साथी विद्युत कर्मियों ने पोल में आए करंट को दूर किया।