नांगलसोती/नजीबाबाद । गंगा खादर क्षेत्र के किसानों ने एसडीएम से वन विभाग की ओर से उनकी लगान की भूमि को कब्जाने के प्रयास की जांच कराने की मांग की।
नांगलसोती के गंगा खादर क्षेत्र में वन विभाग द्वारा भूमि को कब्जा मुक्त कराने का अभियान शुरू करने की कार्रवाई से खादर क्षेत्र के किसानों में रोष है। गंगा खादर क्षेत्र के किसानों का प्रतिनिधि मंडल भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा के नेतृत्व में एसडीएम सत्येंद्र कुमार सिंह से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने एसडीएम को बताया कि जिस भूमि को वन विभाग अपनी बताकर कब्जा मुक्त कराना चाहता है। वह किसानों की लगान और जोत की भूमि है। वर्षों से किसान भूमि का लगान देते आ रहे हैं। किसानों ने एसडीएम से वन विभाग से राजस्व कर्मचारियों के साथ मिलकर क्षेत्र का सर्वे और पैमाइश कराने की मांग की है। गौरतलब है कि बुधवार को वन विभाग राजगढ़ के रेंजर विजेंद्र मलिक, वन दरोगा प्रशांत गुप्ता खादर क्षेत्र के किसानों से भूमि कब्जा मुक्त कराने पहुंचे थे। वन विभाग की टीम का महिलाओं और खादर क्षेेत्र के किसानों ने विरोध करते हुए उन्हें खदेड़ दिया था।