डिप्टी केन कमिश्नर ने किया कांटों का निरीक्षण
बिजनौर। शासन ने बिजनौर के शुगर मिलों के तौल कांटो का औचक निरीक्षण कराया। सहारनपुर के डिप्टी केन कमिश्नर डॉ. दिनेश्वर मिश्र ने बृहस्पतिवार रात जिलों के तीन शुगर मिलों के गेट स्थित कांटों की जांच की। उन्होंने गन्ने से भरी बुग्गियों को अपने सामने तुलवाया। डीसीओ ओपी सिंह के अनुसार शासन के निर्देश पर शुगर मिलों के तौल कांटो पर छापा मारकर जांच की गई। रात में डिप्टी केन कमिश्नर बिजनौर शुगर मिल गेट पर पहुंचे। यार्ड में खड़ी गन्ने से भरी गाड़ियों को अपने सामने तुलवाया और दो कांटों का निरीक्षण किया। दोनों ही सही मिले। रात एक बजे वह बरकातपुर शुगर मिल पहुंचे। मिल के गन्ना यार्ड में किसानों के ट्राले खड़े थे। कड़क सर्दी में अलाव जलते मिले। इसके बाद उन्होंने नजीबाबाद शुगर मिल के कांटों की जांच की, वहां भी सब कुछ ठीक मिला।