15 को तहसील मुख्यालयों पर आंदोलन
फोटो - 09एनजेडबी01आर
नजीबाबाद । प्रदेश में बढ़ी बिजली दरों के खिलाफ लामबंद भारतीय किसान यूनियन 15 दिसंबर को तहसील मुख्यालयों पर आंदोलन करेगी।
लोनिवि निरीक्षण भवन में शनिवार को आयोजित भाकियू की बैठक में प्रांतीय उपाध्यक्ष बलराम सिंह ने यह ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों से किसान-मजदूर वर्ग आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है। गन्ने के दामों में अपेक्षित वृद्धि नहीं की गई, जबकि विद्युत दरों में खासी बढ़ोत्तरी की गई है। बलराम सिंह ने कहा कि बार-बार आश्वासन के बाद भी चीनी मिलों ने किसानों को सामान्य गन्ना पर्ची नहीं दी हैं। घटतौली रोकने के लिए चीनी मिल प्रशासन की ओर से क्रय केंद्रों पर तौल कांटों की पारदर्शी जांच भी नहीं कराई जा रही है। बैठक में मिट्टी का तेल आवंटन में जिला पूर्ति अधिकारी की भूमिका की जांच कराने का भी निर्णय लिया गया। नगरपालिका सभासद निर्वाचित हुए भाकियू नेता रणधावा सिंह का स्वागत किया गया। साथ ही सतेंद्र कुमार को ब्लॉक उपाध्यक्ष एवं राजेश सिंह को गुनियापुर न्याय पंचायत अध्यक्ष मनोनीत किया गया। ब्लॉक अध्यक्ष मदन चौहान की अध्यक्षता एवं ब्लॉक सचिव अवनीश कुमार के संचालन में हुई बैठक में गजेंद्र सिंह, विनोद परमार, होशियार, शेर सिंह, ओमप्रकाश, रुकन सिंह, नरदेव, बाबूराम तालान सहित कई भाकियू कार्यकर्ता मौजूद रहे।