बिजनौर। नगर के मोहल्ला सोतियान निवासी जितेंद्र खन्ना (48) बाबा हरिहर मंदिर के पास परचून की दुकान करता था। परिजनों के अनुसार चार दिसंबर 2018 को वह साइकिल से आवास विकास कॉलोनी स्थित अपने भाई के घर पर गया था। लौटते समय मोहल्ला चाहशीरी में कार सवार शुभांग सोती ने साइकिल में टक्कर मार दी थी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजनों ने आरोपी कार चालक के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दी थी। उधर, जिला अस्पताल से घायल मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया था। परिजनों ने बताया कि जितेंद्र करीब 100 दिन तक मेरठ के सुभारती मेडिकल कॉलेज में भर्ती रहे। आरोप है कि वहां के चिकित्सकों ने 100 दिन से अधिक भर्ती नहीं करने का हवाला देते हुए रिलीव कर दिया। परिजनों ने 15 मार्च को फिर से जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। यहां उपचार के दौरान बुधवार को जितेंद्र की मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया।