जिले में चलेगा जागरूकता अभियान : सीडीओ
बिजनौर। स्वीप कार्यक्रम की बैठक में सीडीओ प्रवीण मिश्र ने कहा कि नैतिक मतदान के लिए जिले में बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सेंट मेरी स्कूल में हुई बैठक में सीडीओ प्रवीण मिश्र ने कहा कि 22 मार्च से छह अप्रैल तक मतदाता जागरूकता एवं नैतिक मतदान विषय पर पेंटिंग, वाद विवाद प्रतियोगिता, लघु नाटिका आदि कार्यक्रम किए जाएंगे। इसके लिए प्रत्येक ब्लॉक में खंड विकास अधिकारी को प्रभारी व खंड शिक्षा अधिकारी को सह प्रभारी नामित किया गया है। सीडीओ ने कहा कि सभी शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थी इसमें हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में ग्राम स्तरीय कर्मचारी, लेखपाल, ग्राम पंचायत सचिव, आशा बहू, रोजगार सेवक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका व बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों का भी सहयोग लिया जाएगा। सीडीओ ने कहा कि ग्राम स्तर पर मतदाता जागरूकता एवं नैतिक मतदान के संबंध में विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जाएं। 25 मार्च को जिला मुख्यालय पर मतदाता जागरूकता रैली होगी। रैली में छात्र-छात्राएं मतदाता जागरूकता व नैतिक मतदान से संबंधित चित्र, स्लोगन पट्टिका साथ में लाएंगे। उन्होंने अधिकारियों व संस्थाओं को मतदाता जागरूकता एवं नैतिक मतदान की शपथ दिलाई। बैठक में डीआईओएस राजेश कुमार, सभी स्कूलों के प्रधानाचार्य व प्रबंधक आदि मौजूद रहे।