बच्चे की संदिग्ध परिस्थिति में मौत
बरुकी। गांव शादीपुर में दो माह के बच्चे की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र गांव शादीपुर निवासी सरवर के दो माह के लड़के के टीकाकरण अभियान के दौरान शुक्रवार को एएनएम सुमन लता ने बीसीजी, पेंटावाइलेंट व पोलियो का टीका लगाया। पोलियो व रोटावायरस की डोज पिलाई। बच्चे की मां गुलफसा का कहना है कि टीकाकरण के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ गई। पिता सरवर मुंबई में मजदूरी करता है। शुक्रवार रात सुफियान के नाक से खून निकाला और उसकी मौत हो गई। शनिवार सुबह परिजनों ने हंगामा किया। टीकाकरण से बच्चे की मौत का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराने की मांग की गई। सूचना पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी प्रमोद कुमार गांव पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को समझाया। शनिवार को बिना कार्रवाई के मृतक के परिजनों ने बच्चे को गांव के कब्रिस्तान में दफना दिया। एएनएम सुमनलता का कहना है कि बच्चे की मौत टीकाकरण से नहीं हुई। इसके अलावा गांव में अन्य 26 बच्चों का भी टीकाकरण किया गया था। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी प्रमोद कुमार ने कहा बच्चे की मौत टीकाकरण से नहीं, अन्य किसी कारण से हुई है।